रविवारीय: सड़क नियमों का सम्मान करें
– मनीश वर्मा ‘मनु’
सड़क सुरक्षा की सीख
चालान नहीं, जीवन ज़रूरी
फ्रैंकफर्ट, जर्मनी की बात है। कहीं जाने के लिए हमने टैक्सी बुलाई। भारत से बाहर हम जहाँ भी गए, एक बात हमने नोटिस की है—टैक्सियों में आला दर्जे की गाड़ियाँ हुआ करती हैं। बिल्कुल साफ-सुथरी, चमचमाती हुई। गाड़ी के अंदर किसी तरह की कोई बदबू नहीं। धीमे-धीमे संगीत बजता हुआ। क्या मजाल कि गाड़ी चलाते हुए ड्राइवर फोन पर व्यस्त हो। ड्राइवर भी आम तौर पर गाड़ियों से सामंजस्य बिठाता हुआ—मतलब साफ-सुथरी वेशभूषा, व्यवहार में विनम्रता। यह इस बात को भी दर्शाता है कि आप अपने काम से प्यार करते हैं। वैसे भी कोई काम छोटा या बड़ा नहीं होता है। जब आप अपने काम से ख़ुश होते हैं, संतुष्ट रहते हैं, तो बहुत सारे नकारात्मक विचार तो वैसे ही ख़त्म हो जाते हैं।
खैर! टैक्सी, फ्रैंकफर्ट और ड्राइवर का ज़िक्र मैं यहाँ दूसरे संदर्भ में कर रहा हूँ। टैक्सी आने के बाद हम टैक्सी में पीछे की सीट पर बैठ गए। उबर की औपचारिकता पूरी होने के साथ ही ड्राइवर ने हमसे कहा—आप सीट बेल्ट लगा लें। यह नियम तो खैर हमारे यहाँ भी है, पर हम व्यावहारिक तौर पर इसका पालन नहीं करते हैं। ‘सब कुछ चलता है’—इसी मानसिकता के साथ हम सभी चलते हैं। तो भाई, हमने तत्काल सीट बेल्ट बाँध ली। अब हम अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे थे। टैक्सी ड्राइवर पाकिस्तानी था। वहाँ हमने पाया कि टैक्सी ड्राइवर अमूमन पाकिस्तानी, अफ़ग़ानी और कुछ तो मुझे तुर्की के भी मिले।
हमारा टैक्सी ड्राइवर हमें भारत से आया हुआ जानकर बहुत ख़ुश हुआ और हम लोग आपस में बातचीत करने लगे। विदेश में कोई अपनी भाषा में बात करे, बहुत अच्छा लगता है। बाक़ी तो ओंठ सिले हुए होते हैं—सिर्फ़ और सिर्फ़ जहाँ ज़रूरत हो, वहीं खुलते हैं। बातचीत के दौरान हमने ड्राइवर से पूछा—मान लो हम पीछे बैठकर बेल्ट नहीं लगाते हैं, तो क्या होगा? ड्राइवर ने बड़े इत्मीनान से कहा—सर, अगर पुलिस वाले ने रोका तो पेनल्टी न तो मुझ पर और न ही मेरी गाड़ी पर लगेगी। वह आप पर लगेगी, जो चालीस यूरो होगी। भाई, हमारे यहाँ तो चालान गाड़ियों का कटता है। ऐसे अगर जिसकी गलती हो, उसका कटने लगे, तो फिर बात ही क्या है! अच्छी व्यवस्था है, हमें भी अपने यहाँ स्वीकार कर लेनी चाहिए। बेचारा ड्राइवर और गाड़ी तो कम से कम पुलिस वाले के कोपभाजन का शिकार नहीं होंगे—जिसकी गलती, वही भुगते।
सफ़र हमारा कोई एक घंटे का था। हमारी बातें चल रही थीं। लगभग एक घंटे का हमारा सफ़र था। पूरे रास्ते कहीं भी ऐसा नहीं लगा कि कोई यातायात नियमों की अवहेलना कर रहा हो। सब कुछ व्यवस्थित और अनुशासित ढंग से चल रहा था। गाड़ियों में तो मानो हॉर्न का अस्तित्व ही नहीं था; प्रेशर हॉर्न की कल्पना तक नहीं की जा सकती।
सफ़र के दौरान हमारी सोच भी साथ-साथ चल रही थी। हमारे यहाँ तो हम बस पुलिस वालों के डंडे देखकर नियम अपनाते हैं। अपनी ज़िंदगी बचाने के लिए कहाँ हम सीट बेल्ट और हेलमेट पहनते हैं। यातायात जागरूकता सप्ताह/महीना मनाया जा रहा है और पुलिस बिचारी बच्चों की तरह आपको सिर्फ़ हेलमेट पहनने और सीट बेल्ट लगाने की सीख दे रही है। बाक़ी ट्रैफिक के नियमों को तो आप भूल ही जाएँ। अगर पुलिस प्रशासन सड़क पर न हो, तो क्यों सीट बेल्ट लगाना और हेलमेट पहनना? बंधन लगता है, भाई! और फिर ज़िंदगी भी आपकी मौके पर बंधन तोड़कर निकल जाती है।
एक्सप्रेसवे पर या फिर राष्ट्रीय उच्च पथ पर जहाँ स्पीड लिमिट होती है, वहाँ हम जैसे ही कैमरे के पास पहुँचते हैं, हम अपनी गाड़ी की स्पीड धीमी कर लेते हैं। उसे लिमिट के नीचे ले आते हैं। हमें अपनी ज़िंदगी की चिंता नहीं है। हम तो बस इतना जानते हैं कि हमारा चालान न कट जाए। अगर चालान का डर न हो, तो हम बड़े ही फ़ख़्र से बताएँ कि भैया, हमने तो इतनी दूरी इतने समय में ही तय कर ली। आप तो ऐसा लगता है जैसे बैलगाड़ी चला रहे हों।
मुझे लगता है कि इस तरह की यातायात सुरक्षा संबंधी शिक्षा बच्चों को उनकी पढ़ाई के दौरान विद्यालयों में ही आउटरीच के माध्यम से दी जानी चाहिए, ताकि वे नियमों का पालन सिर्फ़ चालान से बचने के लिए न करके उसे शिद्दत के साथ अपनी ज़िंदगी में शामिल करें। आपकी लापरवाही आपके साथ ही नहीं, दूसरों के लिए भी घातक हो रही है। आए दिन नाबालिगों के ग़लत तरीके से वाहन चलाने की घटनाएँ अख़बारों की सुर्ख़ियाँ बन रही हैं। वे अपनी ज़िंदगी के साथ-साथ दूसरों की ज़िंदगी से भी खिलवाड़ कर रहे हैं। अभिभावक भी इस बात के लिए कम ज़िम्मेदार नहीं हैं। वे अपनी ज़िम्मेदारियों से मुकर नहीं सकते। बच्चों से प्यार करें, पर इतना ध्यान ज़रूर रखें कि वे संवैधानिक नियमों का पालन करें। सरकार ने तो लक्ष्मण रेखा खींच दी है; उसे नहीं लाँघना है—इस बात की जानकारी और ज़िम्मेदारी होनी चाहिए।
कुछ ज़िम्मेदारियाँ परिवार और समाज की भी होती हैं। हर काम सरकार नहीं कर सकती। हमें इस बात को समझना होगा।

📰 लेख समीक्षा
“सड़क सुरक्षा की सीख — चालान नहीं, जीवन ज़रूरी”
यह लेख सड़क सुरक्षा के विषय पर एक अत्यंत प्रासंगिक और चिंतनशील दृष्टिकोण प्रस्तुत करता है। लेखक ने जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में टैक्सी यात्रा के अनुभव के माध्यम से भारतीय यातायात व्यवस्था और मानसिकता की तुलना अत्यंत सहज, किंतु प्रभावी ढंग से की है।
🔎 विषयवस्तु और संदेश
लेख का केंद्रीय संदेश स्पष्ट है—यातायात नियमों का पालन चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए होना चाहिए।
फ्रैंकफर्ट में सीट बेल्ट लगाने की अनिवार्यता और उसका दंड सीधे नियम तोड़ने वाले व्यक्ति पर लगने की व्यवस्था लेखक को प्रभावित करती है। इसके माध्यम से वह यह प्रश्न उठाते हैं कि भारत में नियमों का पालन केवल पुलिस के भय से क्यों किया जाता है?
लेख यह भी दर्शाता है कि विकसित देशों में अनुशासन सामाजिक संस्कृति का हिस्सा है, जबकि हमारे यहाँ नियमों को अक्सर “बंधन” समझा जाता है।
🌍 तुलनात्मक दृष्टि
चित्रात्मक रूप से देखें तो जर्मनी में:
स्वच्छ और अनुशासित यातायात व्यवस्था
बिना हॉर्न का शोर
सीट बेल्ट और नियमों का स्वतः पालन
वहीं भारत में:
पुलिस की उपस्थिति में नियम पालन
कैमरा देखकर गति कम करना
हेलमेट और सीट बेल्ट को बोझ समझना
यह तुलना लेख को प्रभावशाली और यथार्थपरक बनाती है।
💡 मुख्य बिंदु
नियमों का पालन भय से नहीं, जागरूकता से हो।
जिसकी गलती, उसी पर दंड — उत्तरदायित्व की स्पष्टता।
विद्यालय स्तर पर यातायात शिक्षा की आवश्यकता।
अभिभावकों और समाज की भूमिका भी महत्वपूर्ण।
नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की बढ़ती घटनाएँ चिंता का विषय।
✍️ लेखन शैली का मूल्यांकन
भाषा सरल, संवादात्मक और आत्मकथात्मक है।
अनुभव आधारित प्रस्तुति पाठक को भावनात्मक रूप से जोड़ती है।
व्यंग्यात्मक संकेत (“बंधन लगता है भाई”) लेख को प्रभावशाली बनाते हैं।
अंत में सामाजिक उत्तरदायित्व की बात लेख को संतुलित निष्कर्ष प्रदान करती है।
📌 सकारात्मक पक्ष
वास्तविक अनुभव पर आधारित तर्क
स्पष्ट और प्रेरक संदेश
समाज, परिवार और सरकार तीनों की जिम्मेदारी पर संतुलित दृष्टिकोण
⚖️ सुधार की संभावनाएँ
भारतीय संदर्भ में कुछ आँकड़े या तथ्य जोड़ दिए जाते तो लेख और अधिक सशक्त बन सकता था।
समाधान के व्यावहारिक सुझावों को थोड़ा विस्तार दिया जा सकता था।
🏁 निष्कर्ष
यह लेख केवल यातायात नियमों पर टिप्पणी नहीं करता, बल्कि हमारी मानसिकता पर प्रश्नचिह्न लगाता है। लेखक का मूल संदेश यही है कि—
“चालान से बचना लक्ष्य नहीं होना चाहिए; जीवन की रक्षा ही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।”
लेख पाठकों को आत्ममंथन के लिए प्रेरित करता है और सड़क सुरक्षा को व्यक्तिगत, पारिवारिक तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के रूप में देखने का आग्रह करता है।
श्री वर्मा जी का यह आलेख सड़क सुरक्षा के माध्यम से हमारी सामूहिक मानसिकता का प्रकटन है। फ्रैंकफर्ट, जर्मनी के अपने स्वानुभव के आधार पर उन्होंने अनुशासन और उत्तरदायित्व की संस्कृति को अत्यंत सहज, प्रभावशाली और चिंतनपरक ढंग से अभिव्यक्त किया है। वास्तव में नियमों का पालन तब तक अपूर्ण है, जब तक वह भय या दंड की आशंका से प्रेरित हो। सच्चा पालन तो जागरूकता और आत्मानुशासन से उपजता है। यह आलेख दोषारोपण के स्थान पर आत्ममंथन का मार्ग प्रशस्त करने के साथ ही परिवार, समाज और व्यक्तिगत जिम्मेदारी की ओर संकेत करते हुए संतुलित समाधान प्रस्तुत करता है।