ग्लोबल बिहारी के लिए अलोक कुमार के साथ साक्षात्कार में राजकुमार आनंद (दाहिने)
– आलोक कुमार*
नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव रोचक मोड पर आ गया है।अरविन्द केजरीवाल की आम आदमी पार्टी की सरकार के पुराने मंत्री भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की टिकट पर मैदान में आ डटे हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री राजकुमार आनंद को भाजपा ने पटेल नगर से भारतीय जनता पार्टी का उम्मीदवार बनाया है। वह आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्य थे। दिलचस्प है कि केजरीवाल ने उनके खिलाफ पिछली बार भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार रहे प्रवेश रत्न को उम्मीदवार बनाया है।
अपने ही जब पराए हो जाएं और कार्यकाल की कमियों के लिए मुख्यमंत्री और पार्टी को कसूरवार ठहराने लगें तो नकारात्मक नतीजे का आंकलन सहज स्वाभाविक को जाता है।ग्लोबल बिहारी से विशेष बातचीत में विधानसभा प्रत्याशी राजकुमार आनंद ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाये। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति इलाके के विकास में मुख्यमंत्री केजरीवाल हमेशा अड़ंगा लगाते रहे। झुग्गी झोपड़ियों में विकास के 900 करोड़ रूपये कहां डायवर्ट हो गए पता ही नहीं लगा। उन्होंने कहा कि शराब घोटाले के वक्त तो साफ पता लग गया कि जो रामलीला मैदान से राजनीति बदलने का संकल्प लेकर आया था वो कैसे बदल गया।
2013 से राजकुमार आनंद और उनकी पत्नी विधायक वीणा आनंद पटेल नगर के लोगों की सेवा में लगे थे। राजकुमार आनंद आम आदमी पार्टी के विस्तार में लगे थे मगर उन्होंने कहा कि उन्हें दलित राजनीति के नाम पर दिखावे के लिए कैबिनेट मंत्री बनाया गया तो गरीबों की विकास के लिए वे तड़फते रहे। झुग्गियों तक विकास की रोशनी पहुंचाने तमाम कोशिशें विफल होती रहीं। लिहाजा निराश हो कर इस्तीफा दे दिया। पार्टी छोड़ दी। उन्होंने कहा आप (आम आदमी पार्टी) में बने रहना पाप का भागीदार होने जैसा लगने लगा उन्होंने आरोप लगाया कि कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार में सीधे संलिप्त हैं, यह आख़िरी दिनों में साफ नजर आने लगा हैं।
सरकार से जुड़े भ्रष्टाचार मामले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय ने मंत्री राजकुमार आनंद के आवास पर दविश दी थी। लंबी पूछताछ के बाद उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने के बाद पिछला लोकसभा चुनाव राजकुमार आनंद ने बहुजन समाज पार्टी की टिकट से लड़ा था। अब जब विधानसभा चुनाव लड़ने की बारी आई है ,तो उन्होंने अपने समर्थकों और पत्नी व पूर्व विधायक वीणा आनंद के साथ भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। भाजपा ने पटेल नगर की उसी विधानसभा सीट से उतारा है, जहां से वह आम आदमी पार्टी के विधायक हुआ करते थे। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास की धारा से जुड़ने पर पटेल नगर की जनता एक बार फिर उनको अपना पुराना प्यार देगी। चुनाव बाद भारतीय जनता पार्टी की नेतृत्व वाली सरकार में शामिल होकर वह क्षेत्र की जनता की बेहतर सेवा कर पाएंगे।इस सीट से उनकी पत्नी वीणा आनंद 2015 में आम आदमी पार्टी कि विधायक रही हैं।
*वरिष्ठ पत्रकार
